पूरे जिले में धूमधाम से मनाया जा रहा है बकरीद का त्योहार

130

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अदा की गई बकरीद की नमाज, जिले के अधिकारियों ने गले मिलकर दी मुबारकबाद

रायबरेली। ईद-उल-अजहा और ईद-उल-जुहा का त्यौहार पूरे भारत में आज 12 अगस्त को मनाया जा रहा है। ईद-उल-फितर यानी मीठी ईद के 2 महीने बाद आने वाले इस त्यौहार में मुस्लिम समुदाय बड़ी संख्या में बकरे की कुर्बानी देता है। कुछ लोग ईद उल अजहा को बकरीद कहे जाने का अर्थ इस दिन बकरे की दिये जाने वाली कुर्बानी से जोड़कर देखते हैं। लेकिन ऐसा नहीं है। दरअसल अरबी भाषा में बकर का अर्थ है बड़े जानवर से है जिसका जिबह किया जाता है अर्थात जिसे काटा जाता है। उसी से जोड़कर आज भारत देश में इसे बकरा ईद कहते हैं। बकरीद के दिन खाली बकरे की ही कुर्बानी नहीं दी जाती बल्कि मुस्लिम समुदाय के लोगों को अपने प्रिय जानवर की कुर्बानी देनी होती है।

मुस्लिम समुदाय में यह पर्व हजरत इब्राहिम की कुर्बानी की याद के तौर पर मनाया जाता है। ईद ए कुर्बा का मतलब है बलिदान की भावना। अरबी भाषा में कर्ब का मतलब नजदीकी से होता है। मतलब यह ऐसा मौका होता है जब इंसान भगवान के काफी करीब रहता है। बकरीद पर्व का मुख्य उद्देश्य लोगों में जनसेवा और अल्लाह की सेवा के भाव को जगाना है। बकरीद का यह पर्व इस्लाम के पांचवें सिद्धान्त हज को भी मान्यता देता है। इस्लाम के पांच फर्जों में हज भी शामिल है। हज यात्रा पूरी होने की खुशी में ईद-उल-जुहा का त्योहार मनाया जाता है। इस्लामिक नियम कहता है कि पहले अपना कर्ज उतारें, फिर हज पर जाएं और उसके बाद बकरीद मनाएं।

बकरीद से कुछ दिन पहले ही बकरे को खरीद कर रख लिया जाता है। देश-विदेश में इस पर्व पर बड़ी रौनक रहती है। कुर्बानी के इस त्योहार पर ईद की नमाज अदा करने के लिए मस्जिदों में भारी भीड़ होती है। नमाज के बाद लोग बकरे, भेड़, ऊंट आदि अपने प्रिय जानवरों की कुर्बानी देते हैं। बकरीद के दिन कुर्बानी के गोश्त को तीन हिस्सों में बांटा जाता है। उस गोश्त का एक भाग खुद के लिए, दूसरा सगे-संबंधियों के लिए और तीसरा गरीबों के लिए रखा जाता है। ईद उल फितर की तरह ही ईद-उल-ज़ुहा में भी ज़कात यानी गरीबों को दान देना अनिवार्य होता है ताकि खुशी के इस मौके पर कोई गरीब महरूम ना रह जाए।

आज जनपद की प्रमुख मस्जिदों में बकरीद की नमाज अदा की गई।इसी क्रम में जिलाधिकारी नेहा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बकरीद पर जनपदवासियों को दी शुभकामनाएं, नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने एक दूसरे को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी।

सुरक्षा की चाक-चौबंद रही व्यवस्था-
जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, वाहनों की पार्किंग की उचित व्यवस्था रही। जिसमे नगर कोतवाल अतुल कुमार सिंह,वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह,क्राइम ब्रांच प्रभारी राकेश सिंह यादव यादव सहित अगल बगल के थानों की फोर्स तैनात रही।

अनुज मौर्य/पवन मौर्य रिपोर्ट

Previous articleनहर में कूदी महिला का शव पुलिस ने किया बरामद
Next articleपशुपालन विभाग की अनदेखी, आवारा मवेशी से मोटरसाइकिल सवार टकराया, मौके पर ही हुई मौत