साहब ने सफाई कर्मचारी से मंगाई चाय,न लाने पे तनख्वाह कर्मचारी की ही रोक दी

111

सफाई कर्मचारियों ने एडीओ पंचायत के खिलाफ खोला मोर्चा, लगाये गम्भीर आरोप

महराजगंज रायबरेली
विकास खण्ड महराजगंज में तैनात सफाई कर्मचारियों का बार बार वेतन रोकने पर सफाई कर्मचारी उग्र हो गये और विकास खण्ड कार्यालय में जिन्दाबाद मुर्दाबाद के नारों के साथ एक जुट सफाई कर्मचारियों ने एडीओ पंचायत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। यही नही विभाग के अधिकारियों द्वारा उनसे व्यक्तिगत कार्य कराये जाने सहित अनेक गम्भीर आरोप भी लगा डाले। मामले की गम्भीरता को देख पहुंचे खण्ड विकास अधिकारी ने सफाई कर्मचारियों को समझाबुझाकर शान्त कराते हुए जारी नोटिस का तीन दिन के अन्दर जवाब देने की बात कही है।
बताते चलें कि हरदोई गांव की साफ सफाई को लेकर सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी थी रविवार को जांच में अनुपस्थित मिले शीतला प्रसाद, रमेश कुमार, बालकृष्ण , विमलेश कुमार, माया, सरोज कुमारी, देवपाल, गोविन्द कुमार , कृष्ण कुमार व विन्दा प्रसाद को एडीओ पंचायत जितेन्द्र बहादुर सिंह द्वारा एक माह का वेतन रोकने की संस्तुति करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी कर दी। इसके पूर्व भी कई सफाई कर्मचारियों का वेतन रोका जा चुका है। बार बार वेतन रोकने की कार्यवाही से भड़के सफाई कर्मचारियों ने गुरूवार को खण्ड विकास कार्यालय पहुंचकर जिन्दाबाद मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए एडीओं पंचायत पर आरोपो की झड़ी लगा दी। गुस्साये सफाई कर्मचारियों से खण्ड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार ने काफी देर तक वार्ता कर उन्हे समझाने का प्रयास किया लेकिन बात नही बनी और सफाई कर्मचारी अपनी बात पर अड़े रहे। मामले में खण्ड विकास अधिकारी ने बताया कि जांच में अनुपस्थित मिले सफाई कर्मचारियों का वेतन रोकते हुए उन्हे कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है उचित जवाब न मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जायेगी।

सफाई कर्मचारियों ने एडीओ व बीडीओ पर निजी कार्य कराने का लगाया आरोप

वेतन रोकने को लेकर आक्रोशित सफाई कर्मचारियों ने एडीओ पंचायत व अन्य अधिकारियों पर उनसे व्यक्तिगत कार्य कराये जाने का आरोप लगाया यही नही एडीओ पंचायत जितेन्द्र बहादुर सिंह पर सफाई कर्मचारी को अपनी निजी गाड़ी चलवाये जाने का भी आरोप लगाया। साथ ही अपने चहेतो को ब्लाक कार्यालय पर अटैच कर उनसे भी व्यक्तिगत कार्य कराये जाने का आरोप लगाया है। सफाई कर्मचारियों ने बताया कि अधिकारियों द्वारा उनसे अपने घरों की साफ सफाई के अलावां अन्य निजी कार्य करवाये जाने का दबाव बनाया जाता है जिसका विरोध करने वाला कर्मचारी इसी तरह से प्रताड़ित किया जाता है।

एडीओ बोले कामचोर कर्मचारी लगाते हैं आरोप

एडीओ की कार्यशैली से नाराज सफाई कर्मचारियों ने जब एडीओ पर व्यक्तिगत कार्य कराने का आरोप लगाया गया तो उन्होने कर्मचारियों को कामचोर बता दिया, परन्तु सवाल यह उठता है कि जब 10 सफाई कर्मचारियों का वेतन रोका गया तो 58 सफाई कर्मचारी क्यों आक्रोषित हुए। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि एडीओ पंचायत जितेन्द्र बहादुर सिंह द्वारा कर्मचारियों को प्रताड़ित किया जाता है। कर्मचारियों ने एडीओ पंचायत को तत्काल हटाये जाने की मांग की है

एडवोकेट अशोक यादव रिपोर्ट

Previous articleभाजपा नेता रघुनंदन चौरसिया को पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य बनाये जाने के प्रथम आगमन पर भाजपाइयों ने किया स्वागत
Next articleबच्चो की आपसी लड़ाई इतनी बढ़ी ,बड़े लोग भी कूद पड़े लड़ाई में